तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी का बड़ा फैसला :रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए दारोगा पर बड़ी कार्रवाई , सेवा से बर्खास्त।

दस्तक 7मीडिया /मुजफ्फरपुर 

मुजफ्फरपुर से बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां रिश्वतखोरी के आरोप में पकड़े गए एक पुलिस अधिकारी को आखिरकार सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर निवासी फरियादी तबस्सुम आरा ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि अहियापुर थाने में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी सदरे आलम उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी टीम ने 30 सितंबर 2021 को कार्रवाई करते हुए सदरे आलम को थाना के सामने स्थित चाय दुकान से 11,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

जांच पूरी होने के बाद विभागीय कार्रवाई में आरोपों को सही पाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की अनुशंसा पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर ने सदरे आलम को 02 अप्रैल 2026 से सेवा से बर्खास्त कर दिया।पुलिस विभाग ने साफ संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों का विभाग में बने रहना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।