गौड़ा बौराम प्रखंड कार्यालय में भीषण अग्निकांड: हाई वोल्टेज करंट से एक करोड़ की संपत्ति खाक, कामकाज ठप
गौड़ा बौराम प्रखंड कार्यालय में भीषण अग्निकांड: हाई वोल्टेज करंट से एक करोड़ की संपत्ति खाक, कामकाज ठप
गौड़ा बौराम प्रखंड कार्यालय में भीषण अग्निकांड: हाई वोल्टेज करंट से एक करोड़ की संपत्ति खाक, कामकाज ठप
दस्तक 7 मिडिया, अमीत झा, गौड़ाबौराम।
दरभंगा जिले के गौड़ा बौराम प्रखंड सह अंचल कार्यालय में गुरुवार सुबह बिजली के शार्ट सर्किट ने भारी तबाही मचाई। 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन तार के टूटने से कार्यालय की पूरी विद्युत वायरिंग, कंप्यूटर सिस्टम और करोड़ों के उपकरण जलकर राख हो गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे प्रखंड मुख्यालय में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया और फिलहाल सभी सरकारी कामकाज पूरी तरह से ठप हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मिहिर मयंक ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार अचानक टूटकर गिर गया। हाई वोल्टेज करंट सीधे कार्यालय की लाइनों में दौड़ गया, जिससे देखते ही देखते पूरे कार्यालय की वायरिंग धू-धू कर जलने लगी।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यालय का कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सुरक्षित नहीं बचा है। कंप्यूटर ऑपरेटर के अनुसार, क्षति का आकलन एक करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। नष्ट हुए प्रमुख उपकरणों का विवरण इस प्रकार है।
फरवरी 2026 में ही बिहार सरकार के ‘विस्वान’ के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और इंटरनेट के लिए लगाए गए नए राउटर और स्विच पूरी तरह जल गए हैं। यहां रखे गए सभी कंप्यूटर और प्रिंटर नष्ट हो गए हैं, जिससे पेंशन धारकों का डेटा एक्सेस करना फिलहाल असंभव हो गया है।
विभाग के सभी सिस्टम और प्रिंटर इस शॉर्ट सर्किट की भेंट चढ़ गए हैं। अंचल कार्यालय की पूरी वायरिंग जलने से प्रकाश और पावर बैकअप की व्यवस्था समाप्त हो गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मिहिर मयंक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसा बेहद गंभीर है। कार्यालय के सभी विद्युत उपकरण और कंप्यूटर सिस्टम जल चुके हैं। हमने घटना की विस्तृत जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल सभी उपकरणों की सूची तैयार की जा रही है ताकि क्षति का सही आकलन हो सके और कोई विसंगति न रहे, इसके लिए एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
सिस्टम पूरी तरह से जल जाने के कारण जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, पेंशन संबंधी कार्य और पंचायती राज से जुड़े सभी ऑनलाइन कार्य ठप हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सिस्टम को दोबारा बहाल करने में लंबा समय लग सकता है। जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक आम जनता को प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रतीक्षा करनी होगी।