रिसेप्शन की रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

बेंता थाना क्षेत्र के दोनार चौक स्थित सहारा इंडिया गली में रिसेप्शन पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद अगले दिन खूनी झड़प में बदल गया।

गुरुवार को कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
घायल की पहचान कन्हैया दास (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद बेंता थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
घायल के भाई कृष्णा दास ने बताया कि बुधवार रात मोहम्मद अयूब के बेटे की शादी के बाद रिसेप्शन समारोह चल रहा था। इसी दौरान हंसी-मजाक में सतीश नामक युवक से कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि, रात में ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और कन्हैया ने सभी से माफी भी मांग ली थी।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर कन्हैया किसी काम से गंगासागर तालाब के पास गया था, तभी पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और छाती, पेट व कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला कर फरार हो गए।
घायल की चाची किरण देवी ने बताया कि कन्हैया के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है। वह अपने भाई के साथ दादा-दादी के संरक्षण में रहता है। उन्होंने बताया कि रात में विवाद सुलझ जाने के बावजूद दोबारा हमला किया जाना बेहद चिंताजनक है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।