विधायक अतिरेक कुमार ने किया शैक्षणिक सत्र का आगाज मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

दस्तक7 मिडिया, बिरौल/कुशेश्वरस्थान, दरभंगा।

नये शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर कुशेश्वरस्थान के क्षेत्रीय विधायक अतिरेक कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानी, बल्कि क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
बुधवार को नए सत्र के पहले दिन बुधवार को विधायक अतिरेक कुमार ने कई विद्यालयों का भ्रमण कर उपलब्ध संसाधनों और पठन-पाठन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के साथ बैठक की। विधायक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।


विद्यालयों का संचालन सुचारू और अनुशासित ढंग से हो। शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को भी उत्कृष्ट शिक्षा मिल सके।
भ्रमण का सबसे सुखद पहलू मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के होनहारों को अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया। उत्साहित छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने भावुक स्वर में कहा आज अपने इन छोटे भाई-बहनों के चेहरे पर सफलता की मुस्कान देखकर मन प्रफुल्लित है। इन मेधावी छात्रों को सम्मानित करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यही बच्चे हमारे क्षेत्र और समाज का भविष्य हैं।
विधायक ने इस अवसर पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और छात्रों की सफलता के लिए बाबा कुशेश्वरनाथ के चरणों में माथा टेका। उन्होंने कहा मैं बाबा कुशेश्वरनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे इन सभी बच्चों को शक्ति और सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि ये निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहें और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे कुशेश्वरस्थान का नाम रोशन करें।
इस निरीक्षण और सम्मान समारोह से क्षेत्र के अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने विधायक की इस सक्रियता की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल बताया।