कुशेश्वरस्थान चाकूबाजी कांड का मुख्य आरोपी कोर्ट में सरेंडर, पुलिस दबाव के आगे झुका बिपिन मुखिया

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नदियामी गांव में 27 मार्च 2026 को हुई चाकूबाजी की घटना के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज कांड के मुख्य अभियुक्त बिपिन मुखिया ने पुलिस की लगातार दबिश और संभावित गिरफ्तारी के दबाव में आकर आज बिरौल स्थित माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

बताया जाता है कि घटना के बाद से ही पुलिस अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। कुशेश्वरस्थान थाना की टीम द्वारा विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी, जिससे आरोपी पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। अंततः पुलिस की सक्रियता और सख्ती के कारण आरोपी ने कोर्ट का रुख किया और आत्मसमर्पण कर दिया।

गौरतलब है कि 27 मार्च को नदियामी गांव में आपसी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया था और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।