अपराध नियंत्रण हेतु बिरौल पुलिस का एक्शन, सघन वाहन जांच में वसूला हजारों का जुर्माना

दस्तक7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
यह अभियान बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणी के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस की इस सक्रियता से बिना कागजात और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दर्जनों वाहनों को रोका गया। इस दौरान मानक संचालन प्रक्रिया के तहत लगभग 10,000 रुपये बतौर जुर्माना वसूले गए। पुलिस ने न केवल चालान काटे, बल्कि संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी भी ली ताकि क्षेत्र में अवैध हथियारों या मादक पदार्थों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। इस विशेष अभियान में थानाध्यक्ष के साथ पीएसआई सूरज कुमार,शैलेश कुमार और शनम राय कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने बताया कि
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण और वाहन जांच अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। थानाध्यक्ष ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस का सहयोग करें और वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सभी कानूनी कागजात साथ रखें।