एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी
एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी
एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक,
कालाबाजारी पर सख्ती, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी
दस्तक 7मीडिया
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आज वाणिज्य कर विभाग के सचिव सह प्रभारी सचिव, संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एलपीजी गैस, आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की उपलब्धता तथा प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं आवश्यक सेवाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 12 से 13 हजार एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। सचिव महोदय ने आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया, ताकि कालाबाजारी, मुनाफाखोरी एवं अवैध भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु सॉफ्टवेयर विकसित होगा
सचिव ने निर्देश दिया कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया जाए, जिससे शिकायतों का पंजीकरण एवं निगरानी आसान हो सके। सभी अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
PNG परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ-साथ गैस एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
“दीदी की रसोई” योजना में गैस की पर्याप्त उपलब्धता
सिविल सर्जन द्वारा जानकारी दी गई कि “दीदी की रसोई” योजना के तहत एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए गए।
उर्वरक, पेट्रोल-डीजल की स्थिति संतोषजनक
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। वहीं इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने भी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य बताया।
हर पेट्रोल पंप पर मजिस्ट्रेट की तैनाती
जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंपों पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
अफवाहों से बचें, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।