बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार अभियुक्तों के घरों पर चिपकाया गया इश्तिहार, आत्मसमर्पण की चेतावनी

दस्तक7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ बिरौल थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर विभिन्न मामलों के नामजद अभियुक्तों के आवास पर ग्रामीणों की मौजूदगी में विधिवत इश्तिहार चिपकाया और उन्हें जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने की सख्त हिदायत दी।
यह छापेमारी अभियान पुलिस अवर निरीक्षक शशि भूषण रजक के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में पीएसआई शैलेश कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस ने गांव-गांव जाकर फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अदालती आदेश का तामीला कराया।


पुलिस पदाधिकारी श्री रजक ने लदहो गांव के निम्नलिखित नामजद अभियुक्तों के घरों पर ढोल-नगाड़ों और स्थानीय साक्षियों की मौजूदगी में इश्तिहार चस्पा किया। जिसमें तेजनारायण चौधरी, पिता- बौरन चौधरी,अवधेश चौधरी, पिता-विजय चौधरी,रामवृक्ष चौधरी,पिता- स्व.अकलू चौधरी, रमाकांत चौधरी,पिता- बौएलाल चौधरी और शंभू सिंह, पिता- जगदीश सिंह मुख्य हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्थानीय दो गवाहों के समक्ष कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अधिकारियों ने अभियुक्तों के परिजनों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे फरार आरोपियों को यथाशीघ्र न्यायालय में उपस्थित कराएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियुक्त आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के आदेशानुसार उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।