दरभंगा में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी, पंपों पर उमड़ी भीड़ : क्या वैश्विक तनाव का असर?

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले में इन दिनों पेट्रोल और गैस को लेकर लोगों के बीच भारी असमंजस और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को हालात ऐसे हो गए कि लोग अपनी गाड़ियों के अलावा डिब्बों और बोतलों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए। इस वजह से पंपों पर भीड़ और बढ़ गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंगलवार से कई पेट्रोल पंप संचालकों ने डिब्बों में पेट्रोल देना बंद कर दिया है।

कई स्थानों पर पेट्रोल पंप या तो बंद मिले या फिर सीमित मात्रा में ही तेल दिया जा रहा है। वहीं जो पंप खुले हैं, वहां भारी भीड़ के कारण लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

इसी बीच, पटना से दरभंगा पहुंचे कुछ वाहन चालकों ने बताया कि पटना में किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की कोई कमी नहीं है। लेकिन दरभंगा में प्रवेश करते ही उन्हें कई पंप बंद मिले और जहां पंप खुले थे, वहां काफी भीड़ देखने को मिली।

हालांकि जिला प्रशासन ने पेट्रोल और गैस की किसी भी तरह की कमी से साफ इनकार किया है। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

क्या अंतरराष्ट्रीय हालात का असर?

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि क्या यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव, खासकर इराक-अमेरिका के बीच संभावित टकराव, का असर है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल दरभंगा में पेट्रोल पंपों पर भीड़ का मुख्य कारण लोगों की घबराहट और जरूरत से ज्यादा स्टॉक करने की प्रवृत्ति मानी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ही पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करें।