पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से पम्पों पर उमड़ी भीड़, डीएम ने किया खंडन
पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से पम्पों पर उमड़ी भीड़, डीएम ने किया खंडन
पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से पम्पों पर उमड़ी भीड़, डीएम ने किया खंडन
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान
दरभंगा में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर शहर के कई पेट्रोल पम्पों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। कुछ पम्पों पर ताला लटकने की खबर है, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध है वहां भारी भीड़ जुट रही है। लोग घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल-डीजल लेने को मजबूर हैं।
हालांकि, जिलाधिकारी कौशल कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने इसे अफवाह बताते हुए लोगों से पैनिक न होने की अपील की है।
दूसरी ओर, जमीनी हकीकत प्रशासन के दावों से अलग नजर आ रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पम्प संचालकों ने मुख्य गेट बंद कर सीमित संख्या में लोगों को अंदर बुलाकर ईंधन देना शुरू कर दिया है।
दोनार पेट्रोल पम्प पर अपने बेटे के लिए पेट्रोल लेने पहुंची किरण देवी ने बताया कि वह करीब चार घंटे से लाइन में खड़ी थीं, लेकिन पम्प कर्मियों ने डिब्बे में पेट्रोल देने से मना कर दिया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि पम्प पर मनमानी की जा रही है और इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
पम्प मालिक विकास बैरोलिया ने कहा कि उनके यहां पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन भीड़ को देखते हुए डिब्बों में पेट्रोल देने पर रोक लगाई गई है और डीजल भी सीमित मात्रा में दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार दिन बैंक बंद रहने और दो दिन प्लांट में अवकाश के कारण सप्लाई थोड़ी प्रभावित हुई थी।
वहीं, पेट्रोल लेने आए मुरारी कुमार ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से पहले गैस की किल्लत थी और अब पेट्रोल-डीजल को लेकर भी लोग चिंतित हो गए हैं। लोग अपने काम छोड़कर सुबह से ही लाइन में लगे हैं, लेकिन घंटों बाद भी उन्हें ईंधन नहीं मिल पा रहा है।
पम्प मैनेजर आलोक कुमार पासवान ने बताया कि ईंधन की कमी नहीं है, लेकिन लोगों की जल्दबाजी और आपसी धक्का-मुक्की के कारण व्यवस्था बिगड़ रही है। इसी वजह से गेट बंद कर नियंत्रित तरीके से वितरण किया जा रहा है। हालांकि, बाद में वे अपने बयान से कुछ हद तक पलटते भी नजर आए।
निष्कर्ष:
प्रशासन भले ही पेट्रोल-डीजल की कमी से इनकार कर रहा हो, लेकिन अफवाह और डर की वजह से लोगों में घबराहट साफ दिख रही है, जिससे पम्पों पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।