डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े अहम बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सीपीग्राम, ई-कम्प्लायंस डैशबोर्ड, माननीय मुख्यमंत्री जनता दरबार, राजस्व जन-शिकायत, लंबित ए.सी./डी.सी. विपत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि योग्य लाभार्थियों को समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।

सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी माननीय न्यायालय में निर्धारित समयसीमा के भीतर एस.ओ.पी. (SOP) समर्पित करना सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने ए.सी. एवं डी.सी. विपत्रों को समय पर समर्पित करने तथा सीपीग्राम एवं आरटीपीएस से संबंधित लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त  स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच)  राकेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।