म्यूटेशन व जमाबंदी कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय, दरभंगा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में रविवार को भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर)  संजीत कुमार की अध्यक्षता में राजस्व कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में म्यूटेशन एवं जमाबंदी से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सभी अंचल एवं राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

डीसीएलआर सदर ने कंप्यूटर एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से लाइव डेमो प्रस्तुत करते हुए म्यूटेशन, जमाबंदी एवं वंशावली की प्रक्रियाओं को सरल एवं विस्तृत रूप में समझाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

कार्यशाला के दौरान “भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” एवं राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की गई। डीसीएलआर ने स्पष्ट रूप से कहा कि म्यूटेशन एवं जमाबंदी से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने दो टूक कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उपस्थित अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी एवं पंचायत सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।