बिरौल थाना में पुलिस कर्मियों का वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण, डॉ.एम.के. सिंह की देखरेख में हुई जांच
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
पुलिस विभाग की संवेदनशीलता और जवानों की कार्यक्षमता को बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को बिरौल थाना परिसर में एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम.के. सिंह ने स्वयं थाना पहुंचकर वहां पदस्थापित अधिकारियों और पुलिस बल के जवानों के स्वास्थ्य का बारीकी से निरीक्षण किया। बिहार पुलिस द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली यह वार्षिक स्वास्थ्य जांच केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विभाग की दूरगामी सोच का हिस्सा है। ड्यूटी के भारी दबाव और अनियमित दिनचर्या के बीच पुलिस कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है। पुलिस मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.एम.के. सिंह ने बताया कि इस पहल से जिला पुलिस बल के वरीय अधिकारियों से लेकर कनीय पदाधिकारियों तक को एक ही छत के नीचे जांच की सुविधा मिलती है। इससे न केवल समय की बचत होती है, बल्कि समय रहते बीमारियों का पता चलने से उनका उचित उपचार भी संभव हो पाता है।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान बिरौल थाना के पुनि सह थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर जवानों का मनोबल बढ़ाया। उनके साथ ही
पुलिस अवर निरीक्षक मुन्नी कुमारी, अरविंद सिंह, शशिभूषण रजक।,पी.एस.आई राहुल कुमार आभा कुमारी,ए.एस.आई: प्रेम सागर राय।
इनके अलावा दर्जनों पुलिस कर्मियों ने अपना रक्तचाप , शुगर और अन्य शारीरिक जांच कराई।
फील्ड में तैनात पुलिस कर्मियों को अक्सर विषम परिस्थितियों में काम करना पड़ता है, जिसके कारण वे अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। इस तरह के शिविरों से विभाग में तैनात लोगों को काफी लाभ मिलता है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ रहकर ही पुलिस बल जनता की सेवा और बेहतर तरीके से कर सकता है।
