भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई रामनवमी की भव्य शोभायात्रा, ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंजा बिरौल

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव, रामनवमी के पावन अवसर पर नगर पंचायत बिरौल सहित आसपास के क्षेत्रों में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न मंदिर परिसरों से निकली इन झांकियों और शोभायात्राओं का समापन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।


शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के द्वारा लगाए जा रहे ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। नगर पंचायत बिरौल के खादी स्थित महावीर मंदिर और आदर्श नगर हाटगाछी (सुपौल बाजार) से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यह भव्य जुलूस पुराना थाना चौक, शिवाजी नगर, मास्टर चौक, अफजला खेबा और सिनेमा रोड होते हुए शहीद भगत सिंह स्मारक चौक पहुंचा। यहां से पुनः वापसी करते हुए रामनगर दुर्गा स्थान चौक और बिरौल हनुमान मंदिर में उपस्थिति दर्ज कराई। तत्पश्चात, शैखपुरा मार्ग से होते हुए हाटगाछी यहांचने के बाद, नगर पंचायत बिरौल और बलाट बलिया की शोभायात्राएं अपने-अपने गंतव्य महावीर मंदिर परिसर में जाकर संपन्न हुईं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। मौके पर दंडाधिकारी के रूप में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आशमा खातुन और बीडीओ प्रदीप कुमार झा सक्रिय दिखे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान बिरौल अंचल पुलिस निरीक्षक महफुज आलम, पुनि सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, थानाध्यक्ष चन्द्र मणी, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, तिलकेश्व थानाध्यक्ष केशरी नंदन, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने संभाल रखी थी। शोभायात्रा को सफल बनाने में शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य पार्षद विनोद सहनी, मुखिया मो.काशिफ, कमरे आलम, विनोद चौधरी, सनोज नायक, उपेन्द्र गाड़ा, पूजा समिति अध्यक्ष हरि सहनी, वार्ड पार्षद मो.नौशाद आलम, मो. अंजार, विष्णु सहनी, दिनेश सहनी और इंद्र भूषण प्रधान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।