दरभंगा को मिला अनुभवी न्यायिक अधिकारी: जावेद आलम बने जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, लोगों में खुशी की लहर

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

न्यायिक अधिसूचना के तहत जावेद आलम का पदस्थापन दरभंगा न्यायालय में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के रूप में किया गया है। उनके आगमन की खबर से स्थानीय लोगों, अधिवक्ताओं और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखी जा रही है।

जावेद आलम इससे पहले बेतिया में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे एक अनुभवी एवं कर्मठ न्यायिक अधिकारी माने जाते हैं, जिनका कार्यकाल विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सराहनीय रहा है।

जानकारी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2018 में सब जज सह एसीजेएम (Sub Judge-cum-ACJM) के रूप में अपनी सेवा दी। इसके बाद वे तीन बार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव के पद पर कार्यरत रहे। साथ ही उन्होंने सब जज-1 तथा अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनका कार्यकाल वर्ष 2022 तक रहा।

विशेष बात यह है कि जावेद आलम पूर्व में भी दरभंगा में पदस्थापित रह चुके हैं, जिससे यहां की न्यायिक व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचे एवं स्थानीय परिस्थितियों का उन्हें अच्छा अनुभव है। यही कारण है कि उनके पुनः आगमन को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से दरभंगा न्यायालय की कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता एवं दक्षता आएगी। अधिवक्ताओं ने भी उनके पदस्थापन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी और सुधार देखने को मिलेगा।