भगवा रंग में रंगा बिरौल,रामनवमी पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ को लेकर बिरौल और इसका मुख्य व्यापारिक केंद्र सुपौल बाजार पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। क्षेत्र का कोना-कोना भगवा ध्वजों से पट गया है, जिससे पूरे इलाके में एक अलग ही उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है।
रामनवमी पूजा समिति आदर्श नगर और नगर पंचायत बिरौल पूजा समिति के सदस्यों ने मिलकर भव्य तैयारियां की हैं। नगर के प्रमुख स्थलों जैसे हाटगाछी, आदर्श नगर, शिवाजी नगर, पुराना थाना चौक, मास्टर चौक, सिनेमा रोड और शहीद भगत सिंह चौक सहित तमाम चौक-चौराहों पर ‘जय श्री राम’ अंकित भगवा पताके लगाए गए हैं। पूरा बाजार क्षेत्र केसरिया आभा से सराबोर नजर आ रहा है।
बिरौल में इस बार रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश भी दे रहा है। दोनों पूजा समितियों के अध्यक्षों ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि सामाजिक सद्भाव को सर्वोपरि रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।मुस्लिम भाइयों की जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद, दोपहर करीब 3:00 बजे रामनवमी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। प्रशासन और पूजा समितियों ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि शोभायात्रा गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकलने वाली इस झांकी में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है