रामनवमी जुलूस में धारदार भाला फरसा पर प्रतिबंध, नहीं मानने वाले पर होगी शख्त कार्रवाई, फ्लैग मार्च के दौरान एसडीपीओ और एसडीएम ने दिए निर्देश।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एसडीओ शशांक राज एवं एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।

यह फ्लैग मार्च कुशेश्वरस्थान थाना परिसर से शुरू होकर रामपुर राउत, नवटोलिया, तरवन्ना, धर्मपुर, सम्राट चौक होते हुए सुतापट्टी रोड से पुनः थाना पर आकर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस बल ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

इस दौरान एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे के साथ रामनवमी का त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च में बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है।