रहस्यमय हालात में नवविवाहिता की मौत, ससुराल पर हत्या का गंभीर आरोप,अरैला गांव में सनसनी , पति-सास फरार, ससुर हिरासत में

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मोरो थाना क्षेत्र के अरैला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान निशा देवी (20), पत्नी सुबोध पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति और सास फरार बताए जा रहे हैं, जबकि पुलिस ने ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मायके पक्ष के अनुसार, उन्हें फोन पर निशा की मौत की सूचना दी गई थी और इसे हार्ट अटैक बताया गया था। लेकिन जब परिजन ससुराल पहुंचे तो हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे। निशा का शव पलंग पर पड़ा था, कमरे में सामान बिखरा हुआ था और उसके गले पर जख्म के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि निशा का पति नशे का आदी था, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्हें आशंका है कि इसी विवाद के चलते निशा की हत्या कर दी गई। शादी को अभी महज डेढ़ साल ही हुए थे और निशा का तीन महीने का एक मासूम बेटा भी है।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों की भीड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और दोषियों की गिरफ्तारी व न्याय की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।