मारवाड़ी महाविद्यालय, दरभंगा:शिक्षक संघ (एल.एन.मूटा) का 11वाँ परिनियत सम्मेलन सह विचार गोष्ठी सम्पन्न

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

मारवाड़ी महाविद्यालय में शिक्षक संघ (एल.एन.मूटा) का 11वाँ परिनियत सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह मुख्य संरक्षक के रूप में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार चौधरी उपस्थित रहे।

सम्मेलन की अध्यक्षता एल.एन.मूटा के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार शाह ने की, जबकि आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में डॉ. अरुण कुमार (महासचिव, AIFUCTO), प्रो. अमरेश शांडिल्य (संरक्षक, एल.एन.मूटा), डॉ. बैधनाथ चौधरी (अभिषद सदस्य), श्री विनय कुमार झा (प्रक्षेत्रीय मंत्री, कर्मचारी संघ), डॉ. अशोक कुमार (अध्यक्ष, AIFUCTO) एवं डॉ. कन्हैया जी झा (महासचिव, एल.एन.मूटा) सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन शिक्षक संघ को नई दिशा देने के साथ-साथ संगठनात्मक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभवों से लाभ उठाने की बात कही।

प्रधानाचार्य प्रो. लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल ने स्वागत भाषण में शोध एवं नवाचार के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, महासचिव डॉ. कन्हैया जी झा ने सम्मेलन को भावी पीढ़ी के निर्माण का महत्वपूर्ण मंच बताया।

वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, शिक्षक एकता, पदोन्नति सहित विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद झा एवं डॉ. सुनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार शाह ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में बताया गया कि शिक्षक संघ (एल.एन.मूटा) की चुनावी प्रक्रिया जारी है।