रामनवमी के अवसर पर  दरभंगा शहर में 18 घंटे ट्रैफिक बंद, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध,

27 मार्च दोपहर 1 बजे से 28 मार्च सुबह 7 बजे तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक व पार्किंग प्लान, आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रामनवमी  के अवसर पर दरभंगा पुलिस द्वारा शहर में सुरक्षा और सुगम आयोजन को लेकर व्यापक ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी किया गया है। यह व्यवस्था 27 मार्च 2026 के अपराह्न 01:00 बजे से 28 मार्च 2026 के पूर्वाह्न 07:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर में आम वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है।

पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इस अवधि में सभी प्रकार के व्यवसायिक भारी वाहन, बस एवं चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष रूप से दरभंगा टावर, सुभाष चौक, कादिराबाद बस स्टैंड, लोहिया चौक, काली मंदिर, हसन चौक, मिर्जापुर चौक, बेंता चौक सहित कई प्रमुख मार्गों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

पंसारी पेट्रोल पंप से दरभंगा टावर, सुभाष चौक से टावर मार्ग, बाजार समिति-शिवधारा चौक से कादिराबाद, केएम टैंक से लोहिया चौक होते हुए काली मंदिर, प्रधान डाकघर से हसन चौक, भगत सिंह चौक से मिर्जापुर चौक, किला घाट से दारूमट्टी मार्ग समेत कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

इसके अलावा भंडार चौक से कटहलवाड़ी, आयकर चौक से हसन चौक व नाका-05/06, तथा विद्यापति चौक से कटहलवाड़ी की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

बसों के लिए बदला गया रूट

मधुबनी से मुजफ्फरपुर जाने वाली बसें सीधे फोरलेन से जाएंगी, जबकि मुजफ्फरपुर से आने वाली बसें केवल दिल्ली मोड़ तक ही संचालित होंगी। वहीं समस्तीपुर की ओर जाने वाले वाहन दिल्ली मोड़ से शोभन चौक, एकमी रोड व विशनपुर होते हुए गुजरेंगे।

ऑटो स्टैंड पर भी सख्ती

रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी, दोनार चौक, कादराबाद बस स्टैंड और बेंता चौक पर ऑटो के ठहराव पर पूर्ण रोक लगाई गई है।

वन-वे व्यवस्था लागू

पूरे शहर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था सख्ती से लागू रहेगी और इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

आपातकालीन सेवाओं को छूट

एम्बुलेंस, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के परिचालन पर कोई रोक नहीं रहेगी।

दरभंगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो सके।