रामनवमी पर दरभंगा अलर्ट: ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, डीजे बैन, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा में रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम और एसएसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग कर साफ कर दिया है कि हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई होगी।

आगामी 27 मार्च को रामनवमी और 28 मार्च को चैती दुर्गा पूजा दशमी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन ने जुलूस और शोभा यात्राओं के सभी मार्गों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य किया है। पूरे जिले में ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी की जाएगी। जुलूस मार्गों पर सिविल ड्रेस में भी पुलिस बल तैनात रहेंगे, जबकि चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल की मौजूदगी रहेगी।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत, नारे या अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। जुलूस में शामिल झांकियों की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य की गई है।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए शहर में बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट और क्यूआरटी (Quick Response Team) की तैनाती की जाएगी। दरभंगा-लहेरियासराय मुख्य मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर एम्बुलेंस और चिकित्सक दल तैनात किए जाएंगे। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट पर रखा गया है।

सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर जैसे प्लेटफार्मों पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डीएम कौशल कुमार: “पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी: “जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। ड्रोन, सीसीटीवी और क्यूआरटी टीम के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।”