इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के टॉपर्स को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित, अभिभावकों को भी मिला सम्मान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार आज विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी गुरु की भूमिका में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कठोर परिश्रम के साथ उसे प्राप्त करना ही सफलता का मूल मंत्र है, क्योंकि कठिन मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।

जिले के इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के टॉपर छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर टॉपर्स के अभिभावकों को भी बुके, पाग एवं चादर देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी पूरी लगन से पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने-अपने लक्ष्य साझा किए, जिसमें कई छात्रों ने आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर और प्रोफेसर बनने की इच्छा व्यक्त की। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

संकायवार टॉपर्स

कला संकाय

 निशु कुमारी (प्लस टू सेकेंडरी स्कूल, बरुआरा) – प्रथम स्थान
स्वीटी कुमारी (राजकीय कृत रैयाम चीनी मिल प्लस टू उच्च विद्यालय) – द्वितीय स्थान
मनीष कुमार (प्लस टू एलएमएचएस, आनंदपुर) – तृतीय स्थान

वाणिज्य संकाय

 सुंदरम कुमार यादव (प्लस टू महंत कर्ण ज्योति हाई स्कूल, हायाघाट) – प्रथम स्थान
जेबा प्रवीण (राजकीय कृत वासुदेव मिश्रा हाई स्कूल, सिमरी) – द्वितीय स्थान
प्रीति कुमारी (प्लस टू एम.ए.आर.एम. स्कूल, लालबाग) – तृतीय स्थान

विज्ञान संकाय

सत्यम कुमार (उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, सनहपुर, सिंहवाड़ा) – प्रथम स्थान
हेमा कुमारी (उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजुली, सदर) – द्वितीय स्थान
श्वेता कुमारी (उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, समदपुरा),
कामरान खान (उच्च माध्यमिक विद्यालय, विदुरपुर, सिंहवाड़ा) एवं
शिवम कुमार मिश्रा (प्लस टू उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रमोली, बेनीपुर) – संयुक्त तृतीय स्थान

इस वर्ष जिला टॉपरों में कुल 11 विद्यार्थियों में 6 लड़कियां और 5 लड़के शामिल रहे, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर उपनिदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, टॉपर्स के अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।