रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जगह-जगह शांति समिति की बैठक व मॉक ड्रिल आयोजित
रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जगह-जगह शांति समिति की बैठक व मॉक ड्रिल आयोजित
रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जगह-जगह शांति समिति की बैठक व मॉक ड्रिल आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में आज दिनांक 24.03.2026 को आगामी रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
इसी क्रम में बहेड़ा थानाध्यक्ष द्वारा जकौली भगवती मंदिर एवं उपहारदाहा में तथा कोतवाली थानाध्यक्ष द्वारा मोहल्ला मीटिंग के माध्यम से अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की गई। बैठक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, किसी भी प्रकार की घटना या सूचना मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करने, भ्रामक अफवाहों का प्रसार नहीं करने, विधि-व्यवस्था में सहयोग करने तथा जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य होने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बिरौल थाना परिसर एवं कुशेश्वरस्थान थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल की अध्यक्षता में, भालपट्टी थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर की अध्यक्षता में तथा बहेड़ा बाजार में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं मनिगाछी थानाध्यक्ष द्वारा ग्राम सकरी एवं ग्राम राजे में भी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों, डीजे संचालकों एवं ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी बैठकों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अफवाहों से बचने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में पुलिस केन्द्र, दरभंगा में दंगा नियंत्रण को लेकर विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एंटी राइट गन, टियर गैस, वाटर कैनन सहित अन्य दंगा निरोधी उपकरणों के प्रयोग का अभ्यास कराया गया। साथ ही पुलिस बल को बलवा नियंत्रण, शास्त्राभ्यास एवं आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों द्वारा बल को अनुशासन, एकता एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।