दरभंगा में हेरोइन तस्करी का भंडाफोड़, 221 ग्राम के साथ 3 गिरफ्तार, पटना से 2 और दबोचे

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड से तीन तस्करों को 221 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरजिला तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 23 मार्च की रात करीब 8:30 बजे विशेष कार्य बल (नारकोटिक्स सेल) एवं मद्यनिषेध व राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। सूचना थी कि तस्करी गिरोह के सदस्य बस के माध्यम से मादक पदार्थ लेकर दिल्ली मोड़ पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम, दंडाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर बसों की निगरानी शुरू की गई।

इसी दौरान मधुबनी से आ रही एक बस से तीन संदिग्ध युवक बैग लेकर उतरे। पुलिस को देखते ही एक युवक छिपने का प्रयास करने लगा, जिसके बाद तीनों को पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 221 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) निवासी कुन्दन प्रसाद, दिपु कुमार (25) और रत्नेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों के पास से मोबाइल फोन, नकदी, ट्रेन और रेलवे टिकट भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने रत्नेश कुमार की निशानदेही पर पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी की, जहां से दो अन्य आरोपी मनीष कुमार और कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया गया। मौके से 10 पैकेट हेरोइन, चार सोने की अंगूठियां, एक स्कॉर्पियो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

इस संबंध में शाहपुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।