गायघाट गोलीकांड पर सियासत तेज: तेजस्वी यादव कल चोरनिया गांव पहुंचेंगे, विधायक कोमल सिंह ने पीड़ित परिवार को दिया भरोसा

दीपक कुमार, गायघाट।

 

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरनिया गांव में पुलिस छापेमारी के दौरान हुई फायरिंग में जगतवीर राय की मौत के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार, 25 मार्च को चोरनिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम की छापेमारी के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई, जिसमें गोली लगने से जगतवीर राय की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इधर, गायघाट विधायक कोमल सिंह ने घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। तेजस्वी यादव के दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।