जिला स्तरीय परामर्शदात्री/समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक संपन्न

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देशानुसार एनआईसी, दरभंगा में जिला स्तरीय परामर्शदात्री/समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक उप विकास आयुक्त  स्वप्निल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बेनीपुर के विधायक श्री विनय कुमार चौधरी एवं केवटी के विधायक श्री मुरारी मोहन झा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में जिले की विभिन्न बैंकिंग एवं विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें वार्षिक साख योजना, साख-जमा अनुपात (CD Ratio), जिला गव्य विकास योजना, जीविका के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री जनधन योजना तथा RSETI के माध्यम से दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल रहे।

विधायक बेनीपुर  विनय कुमार चौधरी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा उनके साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों का सर्वेक्षण कर आवश्यकता के अनुसार नई बैंक शाखाओं की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ करने का भी निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार हो सके।

उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को वार्षिक साख योजना के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया तथा जिला गव्य विकास योजना के लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया। विधायक बेनीपुर ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु ठोस प्रस्ताव तैयार कर जिला गव्य विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।

विधायक केवटी  मुरारी मोहन झा ने पंचायत सरकार भवनों में ‘सुधा काउंटर’ स्थापित करने का सुझाव दिया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि स्वीकृत आवेदनों का शत-प्रतिशत ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा RSETI के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बैंकों की सक्रिय भागीदारी हो।

अगली बैठक से सभी बैंक पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक  विकास कुमार को साख-जमा अनुपात में सुधार एवं लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नाबार्ड की डीडीएम श्रीमती राज नंदनी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि ऋण से संबंधित सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से स्वीकार करें तथा बिना ठोस कारण किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए।

बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति, ऋण वितरण एवं कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक  विकास कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे।