बिहार दिवस 2026 पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

114वें बिहार दिवस के अवसर पर प्रेक्षागृह, दरभंगा (लहेरियासराय) में भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी  कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी द्वारा प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत किलकारी बिहार बाल भवन, दरभंगा के बच्चों द्वारा स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात बिहार गौरव गान, भाव-नृत्य, स्केटिंग एवं ‘गोनू झा’ पर आधारित नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

प्लस टू देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत झिझिया नृत्य ने लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

वहीं जिलाधिकारी दरभंगा की सुपुत्री भाव्या ने बिहार कोकिला एवं पद्म विभूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा के गीत प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों एवं अधिकारियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सिद्ध शक्ति द्वारा भी मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

इसके अतिरिक्त सिंड्रेला इंग्लिश स्कूल द्वारा “अपना बिहार है”, बंशी दास कन्या मध्य विद्यालय द्वारा गायन, माउंट समर कॉन्वेंट स्कूल द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य तथा बेंता बालक एवं प्लस टू एम.एल. एकेडमी, लहेरियासराय द्वारा सलहेस लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सभी कलाकारों एवं टीमों का प्रदर्शन सराहनीय एवं प्रभावशाली रहा।

किड्स हेवन सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक नृत्य तथा यूनाइटेड पब्लिक स्कूल द्वारा ‘मोह का अंत’ विषय पर लघु नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने सामाजिक संदेश के साथ दर्शकों को जागरूक किया। ‘गोनू झा’ पर आधारित नाटक विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।

बिहार दिवस के शुभ अवसर पर सभी सरकारी भवनों को नीली रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिससे पूरा शहर उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।