बिहार दिवस पर बिरौल में उमड़ा जनसैलाब: ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ के नारों से गुंजायमान हुआ अनुमंडल
बिहार दिवस पर बिरौल में उमड़ा जनसैलाब: ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ के नारों से गुंजायमान हुआ अनुमंडल
बिहार दिवस पर बिरौल में उमड़ा जनसैलाब: ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ के नारों से गुंजायमान हुआ अनुमंडल
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता,दरभंगा।
बिहार की गौरवशाली विरासत के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर बिरौल अनुमंडल में तीन दिवसीय भव्य उत्सव का शंखनाद हो गया है। रविवार की सुबह जब हजारों छात्र-छात्राओं की ‘प्रभात फेरी’ सड़कों पर निकली, तो पूरा इलाका तिरंगे के रंगों और उत्साह के नारों से सराबोर हो उठा।
उत्सव के पहले दिन अनुमंडल के 6 प्रखंडों से आए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए युवा पीढ़ी ने न केवल बिहार के गौरव का गान किया, बल्कि शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सरकारी योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री शशांक राज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हमारी पहचान, गौरव और विकास का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें राज्य के नवनिर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से अपील की कि वे अपनी प्रतिभा और शिक्षा के माध्यम से राज्य के विकास में अपनी अहम भूमिका सुनिश्चित करें। अनुमंडल कार्यालय द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, बिरौल अकबरपुर में संपन्न होगा। आने वाले दिनों का कार्यक्रम इस प्रकार है। 22 मार्च यानी रविवार को विभिन्न विद्यालयों में भव्य दीपोत्सव का आयोजन। 23 मार्च सोमवार सुबह 11 बजे से पेंटिंग, वाद-विवाद, क्विज और गणित ओलंपियाड। यह प्रतियोगिताएं तीन वर्गों (कक्षा 1-5, 6-8 और 9-12) में होंगी। तथा 24 मार्च मंगलवार को समारोह का समापन होगा। अनुमंडल स्तर पर पहली बार इस तरह के बड़े पैमाने पर हो रहे आयोजन को लेकर आम जनता में भारी उत्साह है। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बिरौल की गलियों में गूंजते नारे और बच्चों के चेहरों की मुस्कान इस बात की तस्दीक कर रही है कि बिहार अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।