प्रेक्षागृह में मनाया गया 114वाँ बिहार दिवस का भव्य समारोह, 214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति, नियोजन एवं प्रोन्नति पत्र
प्रेक्षागृह में मनाया गया 114वाँ बिहार दिवस का भव्य समारोह, 214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति, नियोजन एवं प्रोन्नति पत्र
प्रेक्षागृह में मनाया गया 114वाँ बिहार दिवस का भव्य समारोह,
214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति, नियोजन एवं प्रोन्नति पत्र
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
प्रेक्षागृह, लहेरियासराय (दरभंगा) में आज 114वें बिहार दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायकगण प्रो. विनय कुमार चौधरी, रामचंद्र प्रसाद, मुरारी मोहन झा, राजेश मंडल, जिलाधिकारी कौशल कुमार तथा अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर स्मारिका “श्यामा कुंज” का विमोचन किया गया तथा “रमेश्वरी श्यामा: मिथिला की शाक्त तांत्रिक विरासत” विषय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसने मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने अपने संबोधन में बिहार दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वर्ष 1912 में बिहार के गठन की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है, जो राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को संजोने का अवसर है।
मंत्री श्री मदन सहनी ने बिहार को ज्ञान, विज्ञान एवं मोक्ष की भूमि बताते हुए राज्य सरकार की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चयनित कुल 214 अभ्यर्थियों को नियुक्ति, नियोजन एवं प्रोन्नति पत्र प्रदान किए गए। इसमें—
मिशन शक्ति योजना अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंटर के चयनित अभ्यर्थी,
जन वितरण प्रणाली के 146 विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति,
तथा 46 आंगनबाड़ी सेविकाओं को महिला पर्यवेक्षिका पद पर प्रोन्नति शामिल है।
यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बिहार दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग, मैथ ओलंपियाड एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा उत्साह के प्रतीक स्वरूप बैलून उड़ाए गए। मंच संचालन श्री राम बुझावन यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त सप्निल द्वारा किया गया।
यह आयोजन बिहार की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।