22 मार्च को धूमधाम के साथ बिहार दिवस कार्यक्रम होंगे  आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय, दरभंगा में 22 मार्च 2026 को प्रातः 11:30 बजे से कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार, शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर:दीप प्रज्ज्वलन, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन,विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र वितरण समारोह,सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित है।

जिले के प्रतिभाशाली स्कूली बच्चों द्वारा भव्य एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति संध्या 6:30 बजे से की जाएगी।

साथ ही, बिहार दिवस के अवसर पर अपराह्न 12:35 बजे प्रोन्नति, नियोजन एवं नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रातः 8:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास एवं सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

नगर निगम को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों एवं गलियों में स्थित प्रतिमाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन, विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रेक्षागृह परिसर में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।