दरभंगा :फर्जी सीटी स्कैन मामले में बड़ी कार्रवाई, अल्ट्रासाउंड संचालक लक्ष्मण झा गिरफ्तार

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

जिला अंतर्गत बिरौल थाना पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बरेडीह गांव से जुड़े एक विवाद में फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के आरोपी अल्ट्रासाउंड संचालक लक्ष्मण झा को गिरफ्तार कर लिया है। बिरौल थाना कांड संख्या 205/24 में नामजद अभियुक्त और लंबे समय से फरार चल रहे लक्ष्मण झा को बिरौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बहेड़ा थाना क्षेत्र से दबोचा। यह छापेमारी बिरौल थाना के अपर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता मुकेश कुमार के नेतृत्व में, वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर की गई। अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब बिरौल थाना कांड संख्या 263/22 की जांच के दौरान बिजली देवी द्वारा प्रस्तुत किए गए चिकित्सकीय जांच प्रतिवेदन की स्क्रूटनी की गई। पुलिस द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने पाया कि केस में सहयोग करने के उद्देश्य से जो सीटी स्कैन रिपोर्ट लगाई गई थी, वह पूरी तरह फर्जी थी। इस गंभीर धोखाधड़ी के सामने आने के बाद माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर प्रतिवादी ठक्कन झा ने बिरौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस एफआईआर में बिजली देवी समेत कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिसमें लक्ष्मण झा पर फर्जी रिपोर्ट तैयार करने का मुख्य आरोप है। गिरफ्तारी के पश्चात पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी लक्ष्मण झा को न्यायिक हिरासत में बेनीपुर भेज दिया है।