जिले में आज 12,765 गैस सिलेंडर वितरित, कल 32,550 सिलेंडर वितरण की संभावना

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आज प्रेस क्लब, दरभंगा में उपनिदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से एलपीजी गैस वितरण को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि दरभंगा जिले में संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा आज 20 मार्च को 12,765 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 15,849 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं।

उन्होंने आगे बताया कि 21 मार्च 2026 को लगभग 16,701 एलपीजी गैस सिलेंडर जिले में आने की संभावना है तथा उसी दिन लगभग 32,550 सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।

गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा प्रारंभ कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को अब गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक उपलब्ध कराया जा रहा है।

उपनिदेशक जनसंपर्क ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है तथा पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट या पैनिक में आकर गैस सिलेंडर की अनावश्यक बुकिंग न करें।

जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में होटलों एवं अन्य स्थानों पर कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत दर्ज करनी हो, तो वे दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 385 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका समुचित जांच के बाद समाधान किया गया है।

जिलाधिकारी द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने भंडारण में उपलब्ध एलपीजी सिलेंडरों की संख्या को पारदर्शिता के साथ सूचना पट पर प्रदर्शित करें।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से बचें।