सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं सभी पर्व : जिलाधिकारी। असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला शांति समिति की बैठक आयोजित
सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं सभी पर्व : जिलाधिकारी। असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला शांति समिति की बैठक आयोजित
सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं सभी पर्व : जिलाधिकारी।
असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : वरीय पुलिस अधीक्षक,
जिला शांति समिति की बैठक आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला दण्डाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आगामी प्रमुख पर्व-त्योहारों ईद, चैती छठ, रामनवमी एवं दुर्गा पूजा के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थलों पर चिकित्सकीय दलों की प्रतिनियुक्ति, साफ-सफाई, झांकियों के विषय-वस्तु की पूर्व जांच, विद्युत तारों की मरम्मत, असामाजिक तत्वों पर निगरानी तथा राम जानकी मंदिर (नाका संख्या-05) पर विशेष पुलिस व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त, नाका संख्या-05 के समीप वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, मेडिकल किट की उपलब्धता, ट्रैफिक प्रबंधन, लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, दरभंगा टावर एवं नाका संख्या-06 पर प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने निर्देश दिया कि सभी समितियां झांकियों की विषय-वस्तु एवं स्लोगन का स्वयं परीक्षण करें, ताकि किसी भी समुदाय की भावना आहत न हो। उन्होंने सिविल सर्जन को प्राथमिक उपचार किट (बैंडेज, हैंडीप्लास्ट, कॉटन, डिटॉल आदि) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने, पथ निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों एवं डीएमसीएच में मेडिकल टीम तैनात रखने तथा एंबुलेंस को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।
नगर निगम एवं पीएचईडी को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि एसडीओ एवं एसडीपीओ को जुलूस मार्ग से अवरोध हटाने का निर्देश दिया गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
रामनवमी जुलूस के संदर्भ में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक झांकी की अनुमति नहीं होगी। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
चैती छठ के अवसर पर घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। थाना प्रभारियों को झांकियों की पूर्व जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता राकेश कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।