डीएम की अध्यक्षता में दरभंगा एयरपोर्ट सिविल एन्क्लेव की कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने हेतु बैठक आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा एयरपोर्ट के सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सिविल एन्क्लेव की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एयरपोर्ट तक बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा तैयार कनेक्टिविटी प्रस्तावों का डेमो डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) प्रस्तुत किया गया।

प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित मार्गों की व्यवहार्यता, लागत, यातायात सुविधा तथा क्षेत्रीय विकास पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने प्रस्तुतीकरण की गहन समीक्षा करते हुए एनएचएआई के परियोजना निदेशक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि आमजन को शीघ्र बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।

साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के सुदृढ़ होने से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

बैठक में एनएचएआई के परियोजना निदेशक, दरभंगा एयरपोर्ट के महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट), पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।