ईद को लेकर बिरौल पुलिस अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पंचायत में निकाला फ्लैग मार्च

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

मुस्लिम भाइयों के महान पर्व ईद को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बिरौल पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है।


प्रशिक्षु अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार एवं पूजा कुमारी,सनम कुमार राय के संयुक्त नेतृत्व में बिरौल नगर पंचायत और सुपौल बाजार के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च बिरौल थाना परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों से गुजरा। मार्च के दौरान पुलिस बल ने सुपौल बाजार के व्यस्ततम सड़कों का भ्रमण किया। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी ने आम लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे ताकि सभी नागरिक निर्भय होकर ईद का उत्सव मना सकें।