भारत की जनगणना 2027 के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का सफल समापन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

भारत की जनगणना 2027 के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का तृतीय एवं अंतिम सत्र आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार एवं जिला परिषद सभागार, लहेरियासराय में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों द्वारा जनगणना 2027 के प्रथम चरण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें मकान सूचीकरण, खण्ड निर्माण, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की नियुक्ति, उनके कर्तव्य एवं दायित्व, तथा CMMS (Census Management and Monitoring System) पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त, स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया, HLB (House Listing Block) का गठन, सीमांकन, नजऱी नक्शा (Layout Map) तथा पर्यवेक्षी क्षेत्र (Supervisory Circle) के निर्धारण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण के दौरान पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों को विस्तारपूर्वक समझाया गया। यह जानकारी दी गई कि इन 34 प्रश्नों के उत्तर स्व-गणना करने वाले व्यक्ति या परिवार के मुखिया द्वारा ऑनलाइन भी भरे जाएंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक संचालित की जाएगी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्त्ता एवं उप-विकास आयुक्त, दरभंगा ने सभी प्रतिभागियों को सक्रिय सहभागिता एवं गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन के साथ तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।