जिले में आज 12,741 गैस सिलेंडर वितरित, कल 24,955 वितरण की संभावना

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आज प्रेस क्लब, दरभंगा में उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने संयुक्त रूप से एलपीजी गैस वितरण को लेकर प्रेस वार्ता की।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि दरभंगा जिले में संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा 19 मार्च को कुल 12,741 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13,243 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं।

उन्होंने आगे बताया कि 20 मार्च 2026 को 11,712 एलपीजी सिलेंडर आने की संभावना है तथा कुल 24,955 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक उपलब्ध कराया जा रहा है।

उपनिदेशक जनसंपर्क ने स्पष्ट किया कि दरभंगा जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि
• ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिन निर्धारित है
• शहरी क्षेत्रों में यह अवधि लगभग 25 दिन है

जिला प्रशासन सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में गैस सिलेंडर की अनावश्यक बुकिंग न करें।

जिलाधिकारी, दरभंगा ने निर्देश दिया है कि कालाबाजारी एवं मुनाफाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नियमित रूप से औचक छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।

यदि किसी उपभोक्ता को गैस से संबंधित शिकायत दर्ज करनी हो, तो वे फोन नंबर: 06272-245055 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 348 से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को यह भी निर्देश दिया है कि वे अपने भंडारण में उपलब्ध गैस सिलेंडरों की संख्या सूचना पट पर पारदर्शी ढंग से प्रदर्शित करें।

अंत में आमजनों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचें।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।