नौका से तालाब की सफाई कर जल संरक्षण का संदेश,

गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत श्यामा मंदिर तालाब पर वृहद अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशन में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत श्यामा मंदिर तालाब घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम ने किया।

अभियान की विशेषता यह रही कि तालाब में जमा कूड़ा-कचरा को नौका (बोट) के माध्यम से हटाया गया, जिससे जलाशय के मध्य भाग की भी प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा सकी। यह पहल जल स्रोतों की गहराई तक सफाई के लिए एक नवाचार के रूप में सामने आई।

इस अभियान में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के पीजी यूनिट के एनएसएस स्वयंसेवकों ने डॉ. सोनू राम के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं 8 बिहार बटालियन के एनसीसी कैडेट्स हवलदार केदार सिंह के नेतृत्व में शामिल हुए। दरभंगा नगर निगम के स्वच्छता कर्मी, स्वच्छता पदाधिकारी निखिल चौरसिया तथा नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम ने कहा कि जल स्रोतों की वास्तविक स्वच्छता तभी संभव है जब सतही सफाई के साथ-साथ जल के भीतर जमा अपशिष्ट को भी हटाया जाए। उन्होंने कहा कि नौका के माध्यम से की गई यह पहल अन्य स्थानों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

अभियान में नौका विहार संचालक वरुण कुमार एवं मंदिर प्रबंधक रामनाथ झा का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा कुमार अनुराग, पूजा कुमारी, मणिकांत ठाकुर, मुकेश कुमार झा, संजीव कुमार, अनिल चौपाल, विशाल कुमार (अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ), तौकीर आलम, विनय पासवान, राकेश कुमार राम, दीप प्रकाश झा, पूजा देवी, अंशु कुमारी सहित 60 से अधिक कैडेट्स, स्वयंसेवक एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।