बिरौल में परीक्षा के दौरान बेंच हिलाने का विरोध करने पर छात्र पर जानलेवा हमला, लोहे के फाइटर से चेहरा लहूलुहान

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां परीक्षा के दौरान मामूली विवाद को लेकर एक 17 वर्षीय छात्र पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित छात्र नन्दन कुमार झा ने बिरौल थानाध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, उछटी +2 विद्यालय का छात्र नन्दन कुमार झा 18 मार्च बुधवार को स्कूल में परीक्षा दे रहा था। उसके साथ बेंच पर अंकज साहू नामक छात्र बैठा था, जो बार-बार बेंच हिला रहा था। जब नन्दन ने लिखने में हो रही परेशानी के कारण उसे मना किया, तो अंकज गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख शिक्षकों ने नन्दन को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया। पुलिस को दिए आवेदन में
नन्दन का आरोप है कि परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, अंकज ने फोन करके अपने साथियों—विद्या सागर, रौनक यादव और करीब 10-15 अज्ञात लड़कों को बुला लिया। इस दौरान
अंकज ने नन्दन को पकड़ लिया और विद्या सागर ने लोहे के ‘फाइटर’ से उसके मुंह पर वार किया, जिससे होंठ के नीचे गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा,
और अन्य लड़कों ने उसे लात-घूंसों और मुक्कों से बुरी तरह पीटा। नन्दन ने यह भी दावा किया कि रौनक यादव ने चाकू निकालकर उसकी जान लेने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद राज झा नामक युवक ने उसे खींचकर बचाया। पीड़ित ने बताया कि दीपक चौधरी नामक व्यक्ति और अन्य लोगों के बीच-बचाव के कारण उसकी जान बच सकी। घायल छात्र ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। छात्र की उम्र और घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। जांच के क्रम में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जमानती सेक्शन में एफआईआर होने के कारण उक्त आरोपी को थाना से जमानत दे दी गई है।