गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत लक्ष्मी सागर तालाब पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों के संरक्षण व जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का उद्देश्य
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत लक्ष्मी सागर तालाब पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों के संरक्षण व जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का उद्देश्य
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत लक्ष्मी सागर तालाब पर चला वृहद स्वच्छता अभियान,
जल स्रोतों के संरक्षण व जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का उद्देश्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा लक्ष्मी सागर तालाब के दक्षिणी घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देश पर तथा जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान तालाब एवं उसके आसपास के घाटों से कूड़ा-कचरा हटाकर व्यापक साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम में 8 बिहार बटालियन के एनसीसी कैडेट्स, एमएलएसएम कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक, दरभंगा नगर निगम के स्वच्छता कर्मी तथा नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्थानीय वार्ड पार्षद श्रीमती सुचित्रा रानी भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
इस मौके पर जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम ने युवाओं को संबोधित करते हुए जल संरक्षण में जनसहभागिता की अहम भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसमें जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा एवं पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने, जलीय जीवों एवं वृक्षों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लिया गया।
अभियान में कुमार अनुराग, प्रमोद ठाकुर, पूजा कुमारी, मणिकांत ठाकुर, संजीव कुमार, ओमकार नाथ झा, खुशी कुमारी, नीतू कुमारी, दीप प्रकाश झा, राजा राम सहित 50 से अधिक कैडेट्स, स्वयंसेवक एवं कर्मियों ने भाग लिया।