जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 प्रेस क्लब दरभंगा में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार ने जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति एवं होम डिलीवरी व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार से दो गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है, जबकि बुधवार से जिले की सभी गैस एजेंसियों द्वारा यह सेवा पूर्ण रूप से लागू कर दी जाएगी। इससे अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

डीपीआरओ ने जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की है। गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को 1 से 2 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आमजनों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नियमित छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिले में संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा 17 मार्च को 8,166 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13,385 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं।

18 मार्च 2026 को जिले में 12,005 एलपीजी गैस सिलेंडरों के आने की संभावना है तथा लगभग 25,390 सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत एवं गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग के उप निदेशक सत्येंद्र प्रसाद भी उपस्थित थे।