दरभंगा में आय से अधिक संपत्ति मामले में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के घर छापा, कई दस्तावेज जब्त

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक के सदर थाना क्षेत्र स्थित कबीरचक मोहल्ले में मंगलवार की सुबह निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी की। करीब 9 सदस्यीय टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर घर के सभी कागजात और सामानों की गहन जांच की।

छापेमारी के दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चों से भी पूछताछ की गई। निगरानी विभाग के डीएसपी मोहम्मद जाकिर हुसैन ने बताया कि जांच के दौरान जमीन से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण कागजात सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में अनुसंधान जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा निगरानी विभाग में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

सूत्रों के मुताबिक, दरभंगा के अलावा मधुबनी जिले के जयनगर और सुपौल जिले स्थित आवासों पर भी अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की गई है। मनोज कुमार रजक वर्तमान में मधुबनी जिले के जयनगर में पदस्थापित हैं।

बताया जाता है कि सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक मोहल्ले में उन्होंने दो मंजिला मकान बनाकर परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में एक अन्य जमीन खरीदने की भी चर्चा है। छापेमारी के दौरान कार्यपालक अभियंता घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे ही घर में मिले।