तेज रफ्तार ट्रेलर ने शिक्षक को रौंदा, मौके पर मौत

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 एनएच-27 पर अलीनगर कट के पास मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल से बाइक से घर लौट रहे एक शिक्षक की मौत हो गई। तेज रफ्तार 20 चक्के के ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।

मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा रोड निवासी स्वर्गीय हरि लाल साह के पुत्र कृष्ण कुमार साह (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, कृष्ण कुमार साह काकारघट्टी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और शिवधारा में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार की शाम करीब चार बजे वे स्कूल से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अलीनगर कट के पास करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी मीरा कुमारी हनुमानगर स्थित एक मिडिल स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र भी शिक्षक है।