दरभंगा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत, डीएम ने रथों को दिखाई हरी झंडी
दरभंगा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत, डीएम ने रथों को दिखाई हरी झंडी
दरभंगा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत, डीएम ने रथों को दिखाई हरी झंडी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान जिले में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और लोगों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए लोगों का पहले से सजग और प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित कर आम लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि अग्नि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
यह अभियान बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन विभाग और अग्निशमन विभाग के संयुक्त प्रयास से 17 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान दो एलईडी वैन के माध्यम से जिले के सभी 18 अंचलों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो का प्रसारण किया जाएगा।
प्रत्येक जागरूकता रथ पर एक “आपदा मित्र” की तैनाती की गई है, जो लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री वितरित करेंगे। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम भी रथों के साथ मौजूद रहेगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को आग से बचाव के उपाय बताएगी।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को घरेलू एवं अन्य परिस्थितियों में आग लगने पर अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
इस मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक (जनसंपर्क) सत्येंद्र प्रसाद, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव राज, वृषभानु चंद्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
सत्संग ही वास्तविक तीर्थ और परिवर्तन का स्थल, वैचारिक क्रांति से सुदृढ़ होगा समाज,
जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, निदेशक, जनगणना कार्य सह मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र का लिया जायजा