रिश्तों का खून: जमीन के लिए साढ़ू बना हैवान, पीट-पीटकर ले ली जान

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने रिश्तों को खून से रंग दिया। साढ़ू ने ही साढ़ू की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। मृतक अवधेश कुमार चौपाल (50) अपने घर में सो रहे थे, तभी देर रात आरोपी राजाराम चौपाल अपने पूरे परिवार के साथ धावा बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ अवधेश को निशाना बनाया, बल्कि घर के अन्य लोगों को भी बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल अवधेश को जब तक अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी—डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रास्ते को लेकर उपजे इस झगड़े ने आखिरकार एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
सबसे मार्मिक बात यह है कि अवधेश की बेटी की शादी अगले महीने 22 तारीख को तय थी। घर में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।