लहेरियासराय थाना में एसएसपी की अनुसंधान बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन व वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी  द्वारा सोमवार को लहेरियासराय थाना में अनुसंधान बैठक आयोजित कर लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई।  आयोजित इस बैठक में सदर एसडीपीओ के अलावे  थाना के सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ-साथ थानाध्यक्ष लहेरियासराय एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान एसएसपी ने थाना में लंबित सभी कांडों की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधान में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अभियुक्त फरार हैं, उनमें माननीय न्यायालय से वारंट और कुर्की की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने, वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना के सभी अभिलेख एवं पंजी को अद्यतन रखने और कांड दैनिकी को नियमित रूप से अपडेट करने पर जोर दिया गया।

एसएसपी ने अनुसंधान को गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि हर मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। इसके अलावा शराब माफियाओं पर सख्ती बरतने, नशेड़ियों के खिलाफ विशेष छापेमारी चलाने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने और आपातकालीन सेवा डायल 112 से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को शीघ्र पुलिस सहायता मिल सके।