कमलपुर में पशु बांझपन निवारण शिविर संपन्न, 150 पशुओं का हुआ उपचार, और परामर्श, पशुपालकों में खुशी

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में सोमवार, को भवानीपुर पंचायत के कमलपुर गांव में एक दिवसीय पशु बांझपन निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुओं में प्रजनन संबंधी समस्याओं का निराकरण करना और क्षेत्र के पशुपालकों को आधुनिक व वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूक करना था। शिविर का संचालन डॉ.शालू कुमारी पाठक तकनीकी पशु चिकित्सा अधिकारी बिरौल के कुशल निर्देशन में किया गया। उनके साथ डॉ. नंद किशोर तकनीकी पशु चिकित्सा अधिकारी देवकुलीधाम और डॉ. कुमार प्रशांत तकनीकी पशु चिकित्सा अधिकारी
परड़ी ने शिविर में आए पशुओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान कुल 150 पशुओं की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने पशुपालकों को पशुओं में बांझपन की समस्या से बचाव के तरीके समझाए। उन्हें बताया गया कि पशुओं के लिए संतुलित आहार और उचित पोषण कितना अनिवार्य है। पशुशाला में स्वच्छता बनाए रखने से कई बीमारियों को रोका जा सकता है।नियमित अंतराल पर टीकाकरण और कृमिनाशक दवाओं का सेवन पशुओं के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागीय कर्मचारी अशोक कुमार (डाटा एंट्री ऑपरेटर) और सतीश कुमार झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही मैत्री कार्यकर्ताओं में मनीष कुमार, रामाशंकर शर्मा और अजय राम ने मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस क्रम में डॉ.इंतकाब अख्तर, जिला पशुपालन पदाधिकारी,दरभंगा द्वारा शिविर का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और पशुपालकों की भारी भागीदारी को देखकर टीम के प्रयासों की जमकर सराहना की।
गांव स्तर पर ही विशेषज्ञों द्वारा इलाज और मुफ्त परामर्श मिलने से कमलपुर के ग्रामीणों में खुशी देखी गई। स्थानीय पशुपालकों ने विभाग की इस पहल को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की है।