वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले राजस्व वसूली तेज करने का निर्देश, अवकाश से पहले सूचना देना अनिवार्य : आयुक्त
वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले राजस्व वसूली तेज करने का निर्देश, अवकाश से पहले सूचना देना अनिवार्य : आयुक्त
वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले राजस्व वसूली तेज करने का निर्देश, अवकाश से पहले सूचना देना अनिवार्य : आयुक्त
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
प्रमण्डलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमण्डलीय सभागार में दरभंगा प्रमण्डल के अंतर्गत आने वाले जिलों दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आयुक्त ने परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण बढ़ाने, वाहन जांच अभियान तेज करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना कागजात और अवैध रूप से चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि राजस्व में वृद्धि के साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने सभी विभागों, विशेषकर कार्य विभागों को 31 मार्च तक सभी कर (टैक्स) की कटौती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक होती है, इसलिए कार्य प्रणाली में अपेक्षित सुधार लाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पतालों में साफ-सफाई और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ 24×7 रोस्टर तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही बिना लाइसेंस के संचालित दवा दुकानों पर अभियान चलाकर छापेमारी करने को कहा गया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया तथा खनिज राजस्व की वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया गया। सांख्यिकी निदेशालय के कार्यों की समीक्षा में आयुक्त ने सभी सर्वेक्षण और आंकड़ा संकलन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अद्यतन आंकड़े आवश्यक हैं।
कल्याण विभाग की समीक्षा में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। आयुक्त ने छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय और अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
पशुपालन विभाग के संदर्भ में पशुओं के टीकाकरण, पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। मत्स्य विभाग को मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मत्स्य पालकों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मद्यनिषेध विभाग के संबंध में आयुक्त ने राज्य में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन पर बल देते हुए शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं भवन निर्माण विभाग को निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा गया।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए राजस्व संग्रहण पर विशेष ध्यान दें और सभी योजनाओं व कार्यक्रमों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करें। उन्होंने यह भी कहा कि अवकाश पर जाने से पहले सभी अधिकारी इसकी पूर्व सूचना देना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी सह क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार मनोज कुमार सहित प्रमण्डल के विभिन्न विभागों के प्रमण्डलीय पदाधिकारी और तीनों जिलों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।