दरभंगा में गैस की कोई कमी नहीं, 17 मार्च को आएंगे 9480 एलपीजी सिलेंडर – डीएम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दरभंगा में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की सभी गैस एजेंसियों के कार्यों की निगरानी के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति गैस गोदामों और कार्यालयों में की गई है।

जिला जन-सम्पर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अधिकारियों की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से चल सके।

बताया गया है कि 16 मार्च को दरभंगा जिले की विभिन्न एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा 2588 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। वहीं एजेंसियों के गोदामों में अभी भी 9657 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

इसके अलावा 17 मार्च को जिले में 9480 एलपीजी गैस सिलेंडरों की नई खेप आने की संभावना है। उसी दिन लगभग 19,137 सिलेंडरों के वितरण की भी योजना है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें। गैस का वितरण पूर्व की तरह पारदर्शी और समान रूप से किया जा रहा है तथा सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि एलपीजी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की लगातार और गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।