जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में केवटी थाना, घनश्यामपुर थाना, नगर थाना एवं बहेड़ा थाना के अनुसंधानकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने थानावार पूर्व में आयोजित जनता दरबार में प्राप्त शिकायतकर्ताओं एवं परिवादियों के आवेदन पत्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई और संबंधित कांडों के अनुसंधान की गति पर भी चर्चा की गई।

समीक्षा के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों से संबंधित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित करने तथा जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही सभी थानों के अनुसंधानकर्ताओं को कांडों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।